Patna/sivan News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के सीवान जिले के जसौली में राज्य को 5,918 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें जल शक्ति, शहरी विकास, आवास, बिजली और रेल से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर पीएम ने 22 नगर विकास योजनाएं, 6 सड़क परियोजनाएं और 1 रेल परियोजना का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
पीएम आवास योजना के तहत प्रधानमंत्री ने 53,666 लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि भी प्रदान की। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने नमामि गंगे परियोजना के तहत कई शहरों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और जल आपूर्ति योजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूती देना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सीवान में 480 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवरेज नेटवर्क ट्रीटमेंट प्लांट और जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखी गई, जिससे स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
बेगूसराय में एसटीपी परियोजना के तहत गंदे पानी की आधुनिक तकनीक से रि-साइक्लिंग की जाएगी, जिससे शहर साफ और स्वस्थ बनेगा। पूर्वी चंपारण के रक्सौल में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, जबकि पश्चिम चंपारण के बेतिया में 69 करोड़ की लागत से जल आपूर्ति योजना की नींव रखी गई।
बक्सर के लिए प्रधानमंत्री ने दो परियोजनाएं—सेप्टेज मैनेजमेंट और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की आधारशिला रखी, जो शहर के जल निकासी को बेहतर बनाएंगी।
इस ऐतिहासिक मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और केंद्रीय मंत्रियों चिराग पासवान, ललन सिंह, जीतन राम मांझी, गिरिराज सिंह सहित एनडीए के कई नेता उपस्थित रहे।
इस खबर को भी पढ़ें : कोडरमा घाटी में 80 लाख की सोना लुटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पांच अपराधी गिरफ्तार, सोना और गाड़ियां बरामद

