Patna News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अपने प्रस्तावित बिहार दौरे पर राज्य को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम का यह दौरा गया और सिमरिया जैसे धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों पर केंद्रित होगा, जहां वे कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10:25 बजे गया पहुंचेंगे। वहां से 10:50 बजे वे हेलीकॉप्टर के जरिए बोधगया हेलीपैड पर उतरेंगे। 10:55 बजे हेलीपैड से रवाना होकर पीएम मोदी सभास्थल पहुंचेंगे। 11 बजे से 12:15 बजे तक वे मंच पर मौजूद रहेंगे और बिहार को हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री 12:20 बजे सड़क मार्ग से बोधगया हेलीपैड लौटेंगे और 12:30 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए सिमरिया के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:20 बजे वे सिमरिया हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सीधे पुल का दौरा करेंगे। सिमरिया पुल पर करीब 20 मिनट रुककर वे लोगों का अभिवादन करेंगे। इसके बाद 1:55 बजे वे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए उड़ान भरेंगे और 2:45 बजे पटना पहुंचेंगे। 2:50 बजे पटना एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर राज्य की सियासत भी गर्म है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ज्ञान की भूमि गया और गंगा तट पर स्थित सिमरिया धाम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के हाथों से बिहार को एक बार फिर हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जिससे विकास की रफ्तार और तेज होगी।
भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार बिहार को विकास पथ पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। अब तक वे राज्य को कई सौगात दे चुके हैं और चुनाव तक यह सिलसिला जारी रहेगा। पीएम मोदी के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग उत्साहित हैं।

