Patna News: विश्व प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय के राजगीर स्थित स्थायी परिसर में 31 मार्च को दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है। यह समारोह कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष माना जा रहा है। इस अवसर पर देश की राष्ट्रपति एवं विश्वविद्यालय की विजिटर द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
यह पहला मौका होगा जब विश्वविद्यालय के नव-निर्मित स्थायी परिसर में दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस आधुनिक परिसर का उद्घाटन जून 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के पुनरुद्धार के बाद यह दूसरा दीक्षांत समारोह है, जबकि पहला आयोजन वर्ष 2016 में हुआ था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का राजगीर और नालंदा विश्वविद्यालय का यह पहला दौरा होगा। समारोह के दौरान वे छात्रों को उपाधियां प्रदान करेंगी, दीक्षांत भाषण देंगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगी। साथ ही वे 2000 सीटों वाले नवनिर्मित सभागार ‘विश्वमित्रालय’ का उद्घाटन भी करेंगी।
इस दीक्षांत समारोह में पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी प्रोग्राम के छात्रों को व्यक्तिगत रूप से डिग्रियां दी जाएंगी। कार्यक्रम की एक खास विशेषता इसकी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी है। इसमें अर्जेंटीना, वियतनाम, भूटान, इंडोनेशिया, केन्या, लाओस, म्यांमार, सर्बिया, घाना, थाईलैंड, नेपाल, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे जैसे देशों के छात्र शामिल होंगे।
समारोह में कुल 10 पीएचडी उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जबकि 36 छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन नालंदा विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक पहचान और शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है।


