Katihar News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार, 03 नवंबर को दोपहर 3 बजे कटिहार के भसना में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र इस रैली को बेहद अहम माना जा रहा है। जिला प्रशासन और राजग नेताओं ने कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
रैली स्थल पर लगभग 50 एकड़ भूमि को घेरकर सुरक्षा घेरे में लिया गया है। कोलकाता की आद्री कंपनी की ओर से 1,35,000 वर्ग फीट में विशाल टेंट लगाया जा रहा है, जिसमें करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मंच निर्माण और पूरे परिसर में बैरिकेडिंग का काम तेज़ी से चल रहा है।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर राजग कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद सुनील सिंह, रैली प्रभारी विनोद गोटिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री और सदर विधानसभा प्रत्याशी तारकिशोर प्रसाद समेत अन्य नेताओं ने रविवार को स्थल पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त:
पीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएम मनेश कुमार मीणा, एसपी शिखर चौधरी और पीएमओ के सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में विशेष सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त:
ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट चार्ट जारी कर दिया गया है। करीब 300 ट्रैफिक पुलिसकर्मी और अधिकारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में तैनात रहेंगे। पार्किंग स्थल, एंट्री-पॉइंट और वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाई गई है।
प्रधानमंत्री की इस रैली से कटिहार की सियासत में नई हलचल मच गई है और इसे चुनावी समीकरणों के लिहाज से गेम-चेंजर माना जा रहा है।

