Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने शुक्रवार को बोधगया में बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि “14 नवंबर को इतिहास लिखा जाएगा”, क्योंकि इस बार जनता पूरी तरह बदलाव के मूड में है और राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि इस चुनाव में जनता पारंपरिक राजनीतिक दलों से हटकर नए विकल्प को अपनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में हुई रिकॉर्ड वोटिंग जनता के भीतर बदलाव की लहर को दर्शाती है।
पीके ने बताया कि इस बार बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर बिहार लौटे और उत्साहपूर्वक मतदान किया है। उनके अनुसार, यही इस चुनाव का एक्स फैक्टर है। उन्होंने कहा, “बाहर काम करने वाला मजदूर अब केवल दर्शक नहीं रहा, वह बदलाव का वाहक बन चुका है।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार राज्य के चुनाव में युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक रही है। बड़ी संख्या में युवाओं ने वोट डालकर यह संकेत दिया है कि वे विकास और बेहतर शासन के लिए बदलाव चाहते हैं।
जन सुराज प्रमुख ने विश्वास जताया कि बिहार की जनता ने इस बार जन सुराज अभियान को मजबूती से समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दूसरे चरण में यह लहर और तेज होगी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता अब उन दलों से निराश हो चुकी है जो दशकों से सत्ता में हैं। उन्होंने कहा, “14 नवंबर को जब चुनाव परिणाम आएंगे, तब यह साफ हो जाएगा कि बिहार के लोग परिवर्तन के पक्ष में एकजुट हो गए हैं और जन सुराज की जीत निश्चित है।”

