Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट और फायरिंग की घटना सामने आई है। रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार इलाके में प्रज्ञा केंद्र संचालिका शमा प्रवीण को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि विरोध करने पर उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शमा प्रवीण अपने पति इसराफिल के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात अपराधी बाइक पर सवार होकर उनका पीछा करते हुए आए। अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोका और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी।
लुटेरों ने करीब तीन लाख रुपये नगद और एक लैपटॉप लूट लिया। जब शमा प्रवीण ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। महिला के पैर में दो गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं उनके पति इसराफिल को बंदूक के बट से मारकर जख्मी कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि लूट के दौरान अपराधियों ने 6 से 7 राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। दोनों अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दंपति को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमआरएमसीएच रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है और उन्होंने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


