Ramgarh News:- रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत चोपादारू गांव के जंगल क्षेत्र में एक हाथी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार सुबह ग्रामीणों द्वारा हाथी का शव देखे जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रिहायशी इलाके के समीप हाथी का शव मिलने को वन विभाग गंभीरता से ले रहा है।
हाथी की मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। वन विभाग के अनुसार, यह एक संदिग्ध मामला प्रतीत हो रहा है। मौके पर हाथी के गिरने वाली जगह पर खून के धब्बे पाए गए हैं, जिससे मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार ने बताया कि हाथी की अचानक मौत के पीछे कोई बड़ा कारण हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह संदेह भी जताया जा रहा है कि हाथी को किसी व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ खिलाया गया हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
डीएफओ ने बताया कि जिस स्थान पर हाथी का शव मिला है, वहीं पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार हाथी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वन विभाग की टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में पूछताछ भी की जा रही है।
हाथी की मौत की सूचना के बाद क्षेत्र में वन्यजीव प्रेमियों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

