Jamshedpur News:- टाटा स्टील के आवासीय क्षेत्र गोलमुरी स्थित जीएफएच-1 फ्लैट में शनिवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्रार्थना सभा में कथित धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां 70 से अधिक लोग एकत्र होकर स्थानीय निवासियों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इन फ्लैटों में गुप्त रूप से धार्मिक बैठकें हो रही थीं। कुछ महिलाएं मोहल्लों में घूम-घूमकर लोगों को ईसाई धर्म की अच्छाइयों के बारे में बताकर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक रूप से तैयार कर रही थीं। संदेह होने पर लोगों ने गोलमुरी थाने को सूचना दी, जिसके बाद डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस दल ने मौके पर छापा मारा।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोग मौके से फरार हो गए, जबकि कुछ को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रविवार को एक बड़ी सभा की योजना थी, जिसमें अन्य जिलों से भी लोगों को बुलाया गया था।
पुलिस ने यह भी पाया कि आयोजन स्थल के लिए फ्लैट की बुकिंग शादी के बहाने की गई थी। बुकिंग में बताया गया था कि तीन क्वार्टरों की जरूरत विवाह आयोजन के लिए है, लेकिन वहां किसी प्रकार की वैवाहिक तैयारी नहीं मिली।
कुछ हिरासत में लिए गए लोगों का कहना है कि वे जीवन की समस्याओं से परेशान थे और वहां केवल मानसिक शांति और प्रार्थना के लिए आए थे। उन्हें भोजन भी कराया गया और बाइबल की शिक्षाएं दी गईं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। अगर धर्मांतरण से जुड़ी साजिश सामने आती है तो संबंधित लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और प्रस्तावित सभा पर भी नजर रखी जा रही है।

