Palamu News:- पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेमरटाड़ उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 29.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसे 69 पुड़िया में पैक किया गया था। इसके अलावा बिक्री से संबंधित 4400 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कूल के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन और सदर अंचल इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। मौके पर पहुंचते ही तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल की मदद से दौड़ाकर धर दबोचा गया।
तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और नकद बरामद हुआ। गिरफ्तार युवकों की पहचान सेमरटाड़ निवासी बादल कुमार (20), हर्षित राज (20) और मनीष कुमार (20) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों लंबे समय से ब्राउन शुगर की खुदरा बिक्री कर रहे थे और इनके माध्यम से शहर और ग्रामीण इलाकों में नशा करने वालों तक यह पदार्थ पहुंच रहा था।
पुलिस ने बताया कि बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लगभग 35 हजार रुपये है। आरोपी रोजाना 69 पुड़िया बेचने का लक्ष्य रखते थे, जिनमें से एक पुड़िया की कीमत 500 रुपये थी। हर पुड़िया में एक ग्राम से भी कम ब्राउन शुगर होता था। आरोपी मेदिनीनगर सहित पलामू के कई क्षेत्रों में इसे सप्लाई करते थे।
तीन अन्य तस्कर इस गिरोह में शामिल बताए जा रहे हैं, जो मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार तस्करों के पकड़े जाने के बाद यह स्पष्ट होगा कि ब्राउन शुगर की सप्लाई लाइन कहां से संचालित हो रही थी।
छापेमारी टीम में चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, अनिल विद्यार्थी, छत्रधारी कुमार, बाबूलाल दुबे, विनोद कुजूर सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

