Latehar News:- लातेहार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाते हुए झारखंड उग्रवादी संगठन जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो कुख्यात उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार उग्रवादियों में दो लाख का इनामी एरिया कमांडर सुनील उरांव शामिल है, जो लातेहार थाना क्षेत्र के नवागढ़ का निवासी है। दूसरा गिरफ्तार एरिया कमांडर मुकेश लोहरा मनिका क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों को नवागढ़ गांव से पकड़ा गया।
बुधवार को प्रेस वार्ता में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के कुछ उग्रवादी सदर थाना क्षेत्र के नवागढ़ गांव के पास सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही लातेहार डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने रणनीतिक तरीके से इलाके की घेराबंदी कर दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सुनील उरांव पर सात से अधिक उग्रवादी वारदातों के मामले दर्ज हैं। वहीं मुकेश लोहरा पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ दिन पहले पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में भी दोनों की संलिप्तता पाई गई थी।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में उग्रवादियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

