Jamshedpur News:- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस ने सोनारी थाना क्षेत्र के चर्चित वर्धमान ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक हुंडई अलकाजार कार, दो पल्सर बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
तीन सितंबर को सोनारी के गुदड़ी मार्केट स्थित वर्धमान ज्वेलर्स से अपराधियों ने पांच सोने की चेन लूट ली थी, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी शाखा की मदद से एसआईटी टीम बनाई गई और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया।
मुख्य आरोपित विष्णु शंकर राय की पहचान कर उसे बिहार के आरा से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सौरभ मेहता और सूरज कुमार के नाम उजागर किए। इसके बाद दोनों को पलामू से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपितों ने पूछताछ में ज्वेलरी लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहा है और कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है। विष्णु शंकर राय की निशानदेही पर पुलिस ने डोबो पुल के पास झाड़ियों से एक देशी पिस्टल भी बरामद किया। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर और सन्नी वर्धन ने किया। टीम में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे, साइबर थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद, जांच अधिकारी धनंजय कुमार सिंह और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। मामले की जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने संवाददाता सम्मेलन में दी।
यह गिरफ्तारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सहयोग का परिणाम है, जिसने न सिर्फ एक बड़ी लूटकांड की गुत्थी सुलझाई बल्कि अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क को भी ध्वस्त किया।

