Patna News: चर्चित वकील जितेंद्र मेहता की हत्या मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। मामले में शूटर सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या का मास्टरमाइंड खुद वकील की बड़ी बेटी का प्रेमी शोयब उर्फ सोनू निकला। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सोनू और वकील की बेटी के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका वकील लगातार विरोध कर रहे थे। दोनों ने 2022 में कोर्ट मैरिज कर ली थी, इसके बावजूद जितेंद्र मेहता इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। हैरान करने वाली बात यह है कि शोयब उर्फ सोनू पहले से शादीशुदा था और एक बच्चा भी है। वह एसी रिपेयरिंग का काम करता था।शोएब पीरबहोर इलाके का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, लगातार विरोध से परेशान सोनू ने अपने दो दोस्तों आकाश और मोहम्मद अली के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके लिए उन्होंने दो पेशेवर शूटर आदित्य और निरंजन कुमार को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी। शूटरों को एडवांस में 10 हजार रुपये दिए गए थे। तय प्लान के मुताबिक आदित्य ने गोली चलाई, जबकि निरंजन बाइक चला रहा था।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियार जब्त कर लिया है। इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शूटरों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि जांच अभी जारी है और यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वकील की बेटी हत्या में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थी या नहीं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
ज्ञात हो कि गत रविवार 13 जूलाई को सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में बीच सड़क पर बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े चाय पीकर घर लौट रहे अधिवक्ता को घर से थोड़ी दूर 3 गोली मारी गई थी।

