Koderma News: जिले के चर्चित मिटको कॉलोनी निवासी नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ज्ञात हो कि 14 मई 2026 को भंडरवा स्थित मिटको कॉलोनी में महिला नेहा राज की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की थी। अब पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। मामलीे में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलैया निवासी रोहित राणा (36) और उसकी पत्नी देवन्ती देवी (30) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कोडरमा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त बाइक का नंबर JH02X-9994 है।
नेहा राज के पति शंभु राणा का देवन्ती राणा के साथ अवैध संबंध था
जांच में सामने आया कि मृतका नेहा राज के पति शंभु राणा का देवन्ती राणा के साथ अवैध संबंध था। इसी संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। दोनों आपस में रिश्तेदार भी है। पुलिस का कहना है कि बदले की भावना और अवैध संबंध के कारण इस हत्या की साजिश रची गई। देवन्ती देवी और उसके पति रोहित राणा ने मिलकर नेहा राज की हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने यह भी बताया कि शंभु राणा और देवन्ती राणा के अवैध संबंध को लेकर अलग से मामला दर्ज किया गया है। शंभु राणा के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले के खुलासे के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
इस पूरे ऑपरेशन में कोडरमा थाना प्रभारी, तिलैया थाना प्रभारी, चंदवारा थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। मिटको कॉलोनी में हुई इस जघन्य हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। अब पुलिस के खुलासे के बाद मामले की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। बता दे कि नेहा राज ने शंभू राणा के साथ प्रेम विवाह किया था।


