Sahibganj News:- साहिबगंज पुलिस ने लोहा चोरी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि बरहेट थाना क्षेत्र के झिमोली गांव के ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि झिमोली रोड के पास सरकारी जलापूर्ति परियोजना के लिए गिराए गए लोहे के पाइप कुछ लोग ट्रकों में भर रहे हैं। इस सूचना पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल छापेमारी कर 16 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया और 3 वाहनों को जब्त कर लिया।
गिरोह का सरगना और कुछ अन्य सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इस मामले में कुल 18 लोगों पर बरहेट थाना में मामला दर्ज किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों में अधिकांश धनबाद जिले के रहने वाले हैं, जिनमें दीपक भुइयां, चिरंजीत कुमार, अजय कुमार, विकास कुमार पासवान, दिनेश मांझी, संतोष कुमार भुइयां उर्फ टिकला, हर्ष कुमार, छोटू कुमार, राजेश मंडल उर्फ चुनु यादव, बेलू रजवार, किशोर रजवार, जीतन कुमार भुइयां शामिल हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से विपिन कुमार और प्रमोद कुमार, तथा बिहार के बांका जिले से उमेश साह और लालू यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह चक्का ट्रक, एक टाटा मैजिक, 15 मोबाइल फोन और 25 लोहे के पाइप बरामद किए। एसपी ने बताया कि इस गैंग पर टंडवा थाना और बोरियो थाना में भी मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई में बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार, पुअनि मुटरा पूर्ति, सअनि अशोक कुमार सिंह, रघुवीर राम, पवन कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में लोहा चोरी की घटनाओं पर रोक लगेगी।

