East Champaran News:- सुगौली थाना क्षेत्र के होंडा एजेंसी से स्कूटी चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की सात स्कूटी बरामद करते हुए पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना भी शामिल है।
थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से यह कार्रवाई संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि छपरा बहास पंचायत के सपहा सिकरहना नदी घाट पर शुक्रवार रात ग्रामीणों ने देखा कि कुछ युवक नई स्कूटी लेकर नाव से नदी पार कर रहे हैं। शक होने पर जब ग्रामीणों ने पूछताछ की तो युवक स्कूटी छोड़कर भागने लगे। मौके पर तीन चोरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया जबकि दो फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष ने एसआई शंभू साह के नेतृत्व में टीम भेजी, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर छह स्कूटी बरामद की। पूछताछ में चोरों ने अपने गिरोह के सरगना और अन्य साथियों का नाम बताया। पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करते हुए एक और स्कूटी बरामद की।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सुगौली थाना क्षेत्र के रंजन कुमार, अमित कुमार, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकर सरैया बगही बारी निवासी रत्नेश कुमार, मोहम्मद नेयाज और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की गई स्कूटी मोतिहारी स्थित होंडा एजेंसी की हैं। एजेंसी के प्रोपराइटर अरविंद सर्राफ और मैनेजर एस.के. पांडेय ने बताया कि सुबह जब गोदाम खोला गया, तो पीछे की दीवार में सेंध काटा हुआ पाया गया। गिनती करने पर 9 स्कूटी और एक बाइक समेत कुल 10 वाहन गायब पाए गए।
फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। सभी गिरफ्तार चोरों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
