Giridih News: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेताओं ने सोमवार को खंडोली बचाओ अभियान के तहत खंडोली डैम जलाशय में छलांग लगाकर जल समाधि लेने का प्रयास किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक यह प्रदर्शन भू-माफियाओं और निजी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ किया गया।
जानकारी के अनुसार, जेएलकेएम नेता नागेंद्र चंद्रवंशी, सूरज पंडित, अजय कुमार सहित कई कार्यकर्ता खंडोली डैम पहुंचे और वहां जल समाधि लेने के उद्देश्य से डैम में कूद गए। हालांकि पहले से अलर्ट बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर मौजूद थी। पुलिस जवान तुरंत एक्शन में आए और सभी प्रदर्शनकारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे। इस दौरान कई नेता पानी से बाहर आने से इनकार करते हुए गहरे पानी में जाकर जल समाधि लेने की धमकी देने लगे, लेकिन काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने सभी को बाहर निकाल लिया।
प्रदर्शन कर रहे नेताओं का आरोप है कि खंडोली डैम जलाशय की सरकारी जमीन को भू-माफिया कब्जा कर रहे हैं और वहां अंडा व मशरूम प्लांट लगाकर डैम के पीने योग्य पानी को दूषित कर रहे हैं। यह वही पानी है जिससे शहर की बड़ी आबादी की प्यास बुझाई जाती है। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बेंगाबाद अंचल कार्यालय भू-माफियाओं को संरक्षण दे रहा है।
नेता नागेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि गिरिडीह का प्रमुख पर्यटन स्थल खंडोली डैम हमारी धरोहर है और इसे किसी भी हालत में लूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि डैम की सरकारी जमीन की तत्काल नापी कराई जाए, ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन और तेज होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में जेएलकेएम कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

