Hazaribag News:- हजारीबाग पुलिस ने सोमवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर 15 माइल के पास गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने एक मारुति ऑल्टो कार से छह बोरे में भरा करीब 91 किलो डोडा (अफीम का छिलका) बरामद किया है। इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
एसपी अंजनी अंजन को सूचना मिली थी कि मांडू क्षेत्र से एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विष्णुगढ़ बैजनाथ प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 15 माइल क्षेत्र में देर रात वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान मांडू की ओर से आ रही एक संदिग्ध मारुति ऑल्टो कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की। सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा किया, लेकिन चालक गाड़ी को 15 माइल चेक पोस्ट के पास छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।पुलिस ने काफी देर तक वाहन मालिक या चालक के लौटने का इंतजार किया, लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद टीम ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी में कार के अंदर से छह बोरे में भरा लगभग 91 किलो डोडा का छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने ऑल्टो कार और मादक पदार्थ को जब्त कर थाना लाया और इस संबंध में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि वाहन मालिक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।इस छापेमारी दल में थाना प्रभारी चरही कुंदन कांत विमल, हवलदार पशुपति सिंह, आरक्षी बिनोद कुमार पासवान समेत अन्य जवान शामिल थे। पुलिस का यह अभियान नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।


