East Champaran News:-भारत-नेपाल सीमा से लगे रक्सौल में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही शराब की भारी खेप को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में एक सफारी वाहन भी बरामद हुआ है, हालांकि वाहन चालक तस्कर मौके से फरार हो गया। आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से बड़ी मात्रा में शराब भारत भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एक सफारी वाहन ने पुलिस को देखकर रुकने के बजाय तेजी से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए आमोदेही के पास घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। हालांकि, वाहन चालक मौका पाकर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर कुल 521 लीटर नेपाली कस्तूरी शराब बरामद की गई, जो 1770 बोतलों में पैक थी। यह शराब वाहन के अंदर विशेष रूप से छुपाकर रखी गई थी ताकि जांच में पकड़ी न जा सके।
इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने बताया कि जब्त की गई गाड़ी और शराब को कब्जे में ले लिया गया है। अब वाहन के मालिक और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
यह घटना एक बार फिर सीमा क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों की बढ़ती गतिविधियों की ओर इशारा करती है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की तस्करी पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।

