Araria News:- अररिया ज़िले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में किशनगंज के एक तेल व्यापारी से हुई लूटकांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। यह वारदात 19 जुलाई की रात डेढ़ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई पर हुई थी, जिसमें बदमाशों ने व्यापारी से हथियार के बल पर 1.58 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया था।
जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि पीड़ित व्यापारी आलमगीर, निवासी मोतीबाग चौक, वार्ड संख्या 5, किशनगंज, से बाइक सवार तीन अपराधियों ने लूटपाट की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंजनी कुमार के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पलासी थाना क्षेत्र के डेहटी दक्षिण पंचायत वार्ड संख्या छह निवासी मो. साकिर (पिता मो. अनीस) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर 70 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
घटना के बाद जोकीहाट थाना में प्राथमिकी संख्या 237/25 दर्ज की गई थी, जिसे भारतीय दंड संहिता की धारा 309(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि लूट में शामिल अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
थानाध्यक्ष झा ने कहा कि पुलिस शीघ्र ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लूट की शेष राशि बरामद करने में सफल होगी। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर आश्वासन मिला है।

