East Champaran News :- जिले के मलाही थानाक्षेत्र में बीते 15 जून को हुए जेवरात चोरी कांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी के गहने भी बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मलाही बाजार निवासी रत्नेश कुमार ने अपने घर से गहनों की चोरी को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दी थी। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अरेराज डीएसपी रंजन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर टीम ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी हुए गहनों को भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संदीप कुमार, किशन कुमार उर्फ भोला, नितेश कुमार नीधि, दुर्गेश कुमार (सभी मलाही थाना), सुदामा शुक्ल और विनय कुमार (दोनों थाना मुफ्फसिल) के रूप में की गई है। बरामद गहनों में 49.680 ग्राम सोना और एक सेट चांदी के पायल-बिछिया शामिल हैं। सोने के गहनों में हार, मंगलसूत्र, नथिया, अंगूठी, टीका, झाली और ढोलना जैसी वस्तुएं बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार कुछ जेवर पिघलाए जा चुके थे, जबकि कुछ को नए रूप में तैयार किया गया था। पुलिस ने मौके से एक जोहरी को भी गिरफ्तार किया है, जो इन गहनों को पिघलाने और नए रूप में ढालने का काम कर रहा था।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी टीम में डीएसपी रंजन कुमार के साथ अरेराज इंस्पेक्टर पी.के. सामर्थ, अवर निरीक्षक रत्नेश्वर कुमार सिंह, एएसआई अरविंद कुमार यादव और मलाही थाना पुलिस बल शामिल थे।

