Giridih News:- गिरिडीह पुलिस ने बगोदर थाना क्षेत्र के अटका स्थित कुबरीटांड़ में शुक्रवार को नकली ब्रांडेड शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ धनंजय राम और थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 150 लीटर जानलेवा स्प्रिट बरामद किया, जिसका इस्तेमाल विभिन्न कंपनियों की नकली शराब तैयार करने में किया जा रहा था। इसके साथ ही पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब बनाने का सामान जब्त किया, जिसमें ढेरों रैपर, ढक्कन और खाली बोतल शामिल थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से नकली शराब बना रहा था और उत्पाद विभाग की नजर से बचने के लिए उंची पैरवी का सहारा लेता था।
पुलिस ने बताया कि तस्करों के ठिकाने से एक सेंट्रो कार भी जब्त की गई है, जिसका उपयोग तैयार नकली शराब को अलग-अलग जगहों पर पहुंचाने के लिए किया जाता था।
तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान छोटी साहू, विकास साहू और आकाश साहू के रूप में हुई है। तीनों आरोपी अटका इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नकली शराब को असली दिखाने के लिए बोतलों पर झारखंड का आधिकारिक लेबल लगाते थे, जिससे किसी को संदेह नहीं होता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नकली शराब का यह कारोबार बेहद खतरनाक है, क्योंकि इसमें मिलाया जाने वाला केमिकल और स्प्रिट सीधे तौर पर लोगों की जान को खतरे में डाल सकता है। एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि इस गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।
गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें ताकि इस तरह की जानलेवा तस्करी पर रोक लगाई जा सके।
