Ranchi News:- रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली विदेशी शराब बनाने के बड़े धंधे का पर्दाफाश किया है। अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल शाह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला अनगड़ा थाना कांड संख्या 133, धारा 47ए व 55ए के तहत दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अनगड़ा थाना क्षेत्र के राजा डेरा गांव स्थित एक बंद पड़े स्कूल भवन में अवैध तरीके से नकली विदेशी शराब बनाई जा रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची के निर्देश पर छापेमारी की गई। मौके से तीन युवकों – संतोष कुमार साहू, सूरज कुमार ठाकुर और शिवम कुमार को नकली शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब, विभिन्न ब्रांडों के लेबल, रेफर जार में भरा स्पिरिट, आर्मी कैंट की मोहर, फ्लेवर वाले केमिकल और अन्य उपकरण बरामद किए। पूछताछ में संतोष कुमार साहू ने स्वीकार किया कि वे वर्ष 2018 से इस धंधे में लिप्त हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी उत्पाद विभाग द्वारा ठाकुरगांव से दो बार गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी लखन साहू के मकान से बड़ी मात्रा में नकली शराब और शराब बनाने की सामग्री बरामद की जा चुकी है। पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय है और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी सप्लाई कर रहा था।
अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल शाह ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब बनती दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि नकली शराब से लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है, इसलिए इस तरह के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में राहत की भावना देखी जा रही है और लोग पुलिस की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।

