Siwan News:- बिहार के सीवान जिले में साइबर अपराध के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गेमिंग एप के माध्यम से लोगों को ठगने वाले इस गैंग के 6 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सीवान जिले के ही विभिन्न थाना क्षेत्रों से हैं। गिरफ्तारी साइबर थाना सीवान की विशेष टीम ने की, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक कर रहे थे। इस कार्रवाई की जानकारी सीवान एसपी मनोज तिवारी ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि गिरोह के खिलाफ गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई और ठोस सबूतों के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 74,100 रुपये नकद, 20 एटीएम कार्ड, 26 मोबाइल, 31 चेकबुक, 4 पासबुक, 19 वाई-फाई मशीनें, 2 वाई-फाई राउटर, बायोमेट्रिक मशीन, 2 मोटरसाइकिल, आधार-पैन-यूआईडी से जुड़े दस्तावेज, नोटबुक सहित भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण जब्त किए हैं।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गेमिंग एप के जरिए लोगों को फर्जी इनाम, रिवॉर्ड या ट्रांजैक्शन का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे। उनका मकसद था लोगों के बैंक विवरण, ओटीपी और यूपीआई आईडी की जानकारी लेकर खातों से पैसे उड़ा लेना।
गिरफ्तार आरोपियों में जसौली निवासी सुमित कुमार, अनिकेत कुमार, राज कुमार, आदित्य कुमार, बन्टी कुमार सिंह और भान्नी कुमार शामिल हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई सीवान पुलिस की साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

