Jamshedpur News:- जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह गिरोह शिव सिंह बागान इलाके में एक कथित सिक्योरिटी एजेंसी के नाम पर ऑफिस चला रहा था। यहां युवाओं को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रति उम्मीदवार से 5-5 हजार रुपये वसूले जा रहे थे। बताया गया कि दर्जनों युवा इस ठगी का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह एजेंसी “जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” के नाम पर संचालित की जा रही थी। युवाओं को नियुक्ति पत्र देने और नौकरी शुरू कराने के नाम पर लगातार टालमटोल की जा रही थी। ठगी का शिकार बने युवाओं ने जब कार्यालय में जवाब मांगा तो जिम्मेदार लोग गोलमोल जवाब देने लगे।
इस बात से आक्रोशित युवाओं ने सोमवार को ऑफिस पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस वहां पहुंची और तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला ठगी का प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में यह जानने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह का सरगना कौन है और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अब तक कितने युवाओं से पैसे वसूले गए और कितने राज्यों में यह गिरोह सक्रिय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बेरोजगारी का फायदा उठाकर इस तरह के गिरोह युवाओं को निशाना बनाते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस को सख्त कदम उठाने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

