East Champaran News:- जिले के चिरैया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के पास से एक किलो दस ग्राम मादक पदार्थ अफीम, एक लाख पैंतालीस हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर की गई। पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के समदा और बैधनाथपुर गांव के बीच स्थित एक ईंट भट्ठे के पास छापेमारी की, जहां डिलीवरी के दौरान दोनों तस्करों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान मोहद्दीपुर गांव निवासी बिहारी राय, पिता सुखल राय, और भोजपुर जिले के विक्रमपुर गांव निवासी सुबोध साह, पिता स्व. हरिभजन साह, के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि सुबोध साह अफीम लेने चिरैया आया था, जबकि डिलीवरी करने का काम बिहारी राय कर रहा था।
पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि इस तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनमें मोहद्दीपुर निवासी अजय राय उर्फ अजय कुमार यादव, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के झिटकहिया राजेपुर निवासी हरेंद्र महतो, और विक्रमपुर निवासी राजू सिंह के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब इन सभी की तलाश में जुटी है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, पकड़े गए दोनों तस्कर एक बड़े मादक पदार्थ नेटवर्क के लिए काम करते हैं। यह नेटवर्क मणिपुर से अफीम लाकर पंजाब में इसकी डिलीवरी करता है। इस मामले में पुलिस अन्य राज्यों से भी संपर्क कर रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में पुअनि गौतम कुमार सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ा असर पड़ेगा।

