रांची।

अनगड़ा पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के पूर्व एरिया कमांडर देव सिंह मुंडा सहित पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार उग्रवादियों में देव सिंह मुंडा, गोल्डन यादव उर्फ गौतम यादव, सूरज महतो , सहजाद अंसारी उर्फ सोनू और असलम खान के नाम शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने तीन देशी कट्टा, बिना मैगजीन का एक देसी पिस्टल, चार गोलियां, एक खोखा, एक कारबाइन का खाली मैगजीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के पूर्व एरिया कमांडर देव सिंह मुंडा संगठन को मजबूत करने के लिए अनगड़ा थाना क्षेत्र के जोन्हा मुसंगू पुरी टोला में कुछ अपराधियों के साथ बैठकर लेवी , रंगदारी, लूटपाट और डकैती की योजना बना रहा है। सूचना के बाद सिल्ली डीएसपी खिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान को घेरकर छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में उग्रवादी भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने खदेड़ कर सभी को पकड़ लिया।
सभी गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के विस्तार और मजबूती के लिए बैठक कर रहे थे। गिरफ्तार उग्रवादियों ने पार्टी के नाम पर धमकी देने, लेवी वसूलने , लेवी नहीं देने पर बलपूर्वक लूटपाट और डकैती तथा हत्या करने की भी योजना बना रहे थे।
एसएसपी ने बताया कि देव सिंह मुंडा के खिलाफ अनगड़ा व सिकीदरी थाने में आठ मामला दर्ज है। इनमें आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, हत्या और लेवी वसूलने सहित अन्य मामले शामिल है। इसके अलावा तीन उग्रवादियों का पहले से अपराधिक इतिहास रहा है। इनमें गोल्डन यादव उर्फ गौतम यादव के खिलाफ मैक्लुस्कीगंज, चान्हो, खलारी,सूरज महतो के खिलाफ ओरमांझी व सहजाद अंसारी के खिलाफ खलारी थाने में आर्म्स एक्ट , सीएल एक्ट, हत्या ,लेवी वसूलने, लूटपाट सहित अन्य मामले दर्ज है। छापेमारी में पुलिस निरीक्षक राज कुमार यादव, श्याम किशोर महतो, अनगड़ा थाना प्रभारी रितेश लकड़ा सहित अन्य शामिल थें।