Saraikela News:- सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी थाना पुलिस को शुक्रवार देर शाम एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साततल्ला मैदान, डांगोडीह इलाके से कुख्यात अपराधी साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को लोडेड पिस्टल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटा साजिद अपने साथियों के साथ कपाली और आजादनगर क्षेत्र में अपराध की साजिश रच रहा है। इस सूचना पर चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद बिनहा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साततल्ला मैदान में छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन जब्त किया। पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि छोटा साजिद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोपों में कई मामले दर्ज हैं। 2014 से 2024 के बीच चांडिल और आजादनगर थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ पाँच से अधिक प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
एसपी ने कहा कि उसकी गिरफ्तारी कपाली क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे इलाके में राहत का माहौल है।

