East Champara:- मोतीहारी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर तुरकौलिया थाना पुलिस और सदर डीएसपी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से 2960 लीटर स्प्रिट बरामद किया है, जो उत्तर प्रदेश से मोतीहारी लाई जा रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने महनवा बाजार के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इस दौरान एक ट्रक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ट्रक भगाने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने बलपूर्वक ट्रक को रोकते हुए उसे अपने कब्जे में ले लिया। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें चुने के बोरों की आड़ में प्लास्टिक बाल्टियों में छिपाकर 148 पीस स्प्रिट रखी हुई मिली, जिनमें प्रत्येक में 20 लीटर स्प्रिट था। इस तरह कुल 2960 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद हुआ।
गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान हर्षित सिंह, निवासी थाना मोगनीपुर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और पुलिस अब स्प्रिट कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन, 300 रुपये नकद, और ड्राइवर व वाहन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इसके साथ ही 75 पीस चुना के बोरे भी बरामद किए गए जो स्प्रिट को छिपाने के लिए ट्रक में रखे गए थे।
इस छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार, पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार, और कई अन्य अधिकारी शामिल थे।
पुलिस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके। कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

