Nalanda News:- नालंदा पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक तस्कर को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। तेल्हाड़ा थाना पुलिस ने छज्जूपुर गांव के पास ईंट भट्ठा में छापेमारी कर धंधेबाज कौशल कुमार उर्फ बिट्टू को दबोचा। पुलिस ने उसके पास से 17 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका वजन 8.11 ग्राम बताया गया है। तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी की गई, जिसमें आरोपी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नालंदा और आसपास के इलाकों में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस छापेमारी टीम में एकंगरसराय प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल इंस्पेक्टर श्रीकांत कुमार, थानाध्यक्ष रौशन कुमार, दारोगा प्रेम कुमार सिंह, जमादार जितेंद्र कुमार, आजाद पासवान, पीटीसी फंटूस कुमार, मोती लाल, सिपाही राजीव कुमार, कांग्रेस कुमार, शीला कुमारी और दिवेश झा शामिल थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई बेहद जरूरी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

