East Champaran News:- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, सात एंड्रॉयड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल, चौदह एटीएम कार्ड, तीन चेकबुक, चार पासबुक, एक आधार कार्ड, मोटरसाइकिल ऑनर बुक और पच्चीस हजार रुपये नगद सहित कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा, आरोपियों के पास से एक अंगूठी का खाली डिब्बा और कैस मेमो भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार (23 वर्ष, बरवा शर्मा टोला, गोविंदगंज), विकास कुमार सोनी (26 वर्ष, बहादुरपुर, गोविंदगंज), विवेक कुमार (21 वर्ष, वृत रामनगर लतिया, पहाड़पुर), शनि कुमार (21 वर्ष, जागा पाकड़, हरसिद्धि) और मनीष कुमार (35 वर्ष, बहादुरपुर, हरसिद्धि) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये आरोपी महीनों से लोगों को गुमराह कर ठगी का शिकार बना रहे थे। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार किया। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमन कुमार, पुअनि विवेक कुमार, अमित कुमार रंजन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
गिरफ्तार साइबर अपराधियों से पूछताछ के बाद पुलिस उनके ठगी के तरीकों और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई साइबर अपराध पर लगाम लगाने और आम लोगों को ठगी से बचाने के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन लेन-देन के मामले में सतर्क रहें और तुरंत स्थानीय थाने को सूचित करें।

