East Chammparan:- पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के बिजली तार की बड़ी खेप बरामद की है। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 8 क्विंटल बिजली तार, एक बाइक, दो ट्रांसफार्मर कवर और तार काटने वाली मशीन सहित कई सामान जब्त किए हैं। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रामगढ़वा के बेला सरेह इलाके में कुछ लोग पिकअप वाहन पर चोरी का विद्युत तार लादकर भागने की फिराक में थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से पिकअप वाहन समेत भारी मात्रा में चोरी का तार बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपियों की संलिप्तता बिजली तार चोरी गिरोह से जुड़ी हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि ये आरोपी लंबे समय से अलग-अलग इलाकों में तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। माना जा रहा है कि इनसे पूछताछ के बाद कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस अब तार चोरी गिरोह के नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि लगातार हो रही बिजली तार चोरी से गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही थी।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि बहुत जल्द इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो जाएगा।

