पटना/सीवान: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी जोरों पर है और इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार 20 जून को सीवान जिले के पचरुखी प्रखंड के जसौली मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
सीवान जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री की सभा में आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सभा स्थल पर कई प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जहां आधुनिक मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। प्रत्येक गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और आने वाले सभी लोगों की गहन जांच की जाएगी। किसी भी आपत्तिजनक वस्तु को अंदर ले जाने की सख्त मनाही है। इसके अलावा, पंडाल क्षेत्र में अस्थायी शौचालयों की भी व्यवस्था की गई है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जनसभा को लेकर लोगों से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस मौके पर ‘विकसित बिहार’ की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराएंगे और भाई-भतीजावाद की राजनीति को खत्म करने का संदेश देंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री को देश का विकास नायक बताया।
इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर विपक्ष भी सक्रिय है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार में विकास, रोजगार या महंगाई के मुद्दे पर बात नहीं करेंगे, बल्कि वह “नफरत की राजनीति” करने आ रहे हैं। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि बिहार को सिर्फ चुनाव के समय ही क्यों याद किया जाता है?
पीएम की यह रैली न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि यह विधानसभा चुनावों के पहले बीजेपी की रणनीति का हिस्सा भी है।

