Patna News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 22 अगस्त को बिहार दौरे पर आएंगे और गयाजी जिले के बोधगया में आयोजित एक भव्य जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री लगभग 1,675 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष सुमन ने मंगलवार को जानकारी दी कि पीएम मोदी का यह दौरा गयाजी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि हम पार्टी के हजारों कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री के स्वागत और सभा की सफलता के लिए पूरी तैयारी में जुटे हैं।
गयाजी का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए, इसे एनडीए सरकार की ‘विरासत और विकास’ की सोच का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। जिला प्रशासन और एनडीए नेता सभा स्थल पर जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए 80×40 फीट का भव्य मंच बनाया जा रहा है और हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। भाजपा का दावा है कि इस रैली में लगभग 3 लाख लोग शामिल होंगे।
बिहार में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं और बड़े पैमाने पर परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर रहे हैं। इससे पहले 18 जुलाई को उन्होंने मोतिहारी में 7,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की थी और चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी।
पीएम मोदी पिछले कुछ महीनों में सीवान, रोहतास, पटना, मधुबनी सहित कई जिलों में भी जनसभाएं कर चुके हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी साल में उनके लगातार बिहार दौरे से विकास के साथ-साथ एनडीए की चुनावी तैयारियों को भी मजबूती मिल रही है।

