Kolkata News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज का कोलकाता दौरा शहर के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री यहां 5,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर कोलकाता शहर को खास अंदाज में सजाया गया है। सड़कों पर फूलों की सजावट और जगह-जगह मोदी के स्वागत के लिए आदमकद कटआउट लगाए गए हैं। सबसे अहम परियोजना के रूप में प्रधानमंत्री ‘नोआपाड़ा-जय हिंद बिमानबंदर’ खंड पर मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे खुद मेट्रो यात्रा करेंगे और स्कूली बच्चों से संवाद भी करेंगे। इस नए 13.61 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क में सियालदह-एस्प्लेनेड और बेलेघाटा-हेमंत मुखोपाध्याय खंड भी शामिल हैं। इन मार्गों से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सियालदह से एस्प्लेनेड का सफर जो अब तक 40 मिनट लेता था, वह मात्र 11 मिनट में पूरा हो सकेगा।
जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस दौरान कलाकार दुर्गा पूजा की थीम पर प्रस्तुति देंगे। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने इसे जनता के लिए बड़ा तोहफ़ा बताते हुए कहा कि नई सेवाओं से समय और ऊर्जा की बचत होगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री हावड़ा मेट्रो स्टेशन पर बने नवनिर्मित सबवे का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 7.2 किलोमीटर लंबे छह-लेन वाले एलिवेटेड कोना एक्सप्रेसवे की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना से हावड़ा, कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) दिलीप कुमार ने बताया कि यह दिन कोलकाता के विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित होगा। पीएम मोदी का यह दौरा न केवल आधारभूत संरचना को नई दिशा देगा बल्कि आम जनता के जीवन को और सरल बनाएगा।
