Patna News:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी जनसभा को लेकर समस्तीपुर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय समस्तीपुर में रविवार को एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें 24 अक्टूबर को कर्पूरीग्राम (भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी का पैतृक गांव) और दुधपुरा एयरपोर्ट मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री की सभा की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता उजियारपुर सांसद एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने की। उन्होंने एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों से कहा कि यह जनसभा न केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम है, बल्कि “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने का मंच भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
नित्यानंद राय ने कहा कि कर्पूरीग्राम की धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा ऐतिहासिक होगी, क्योंकि यह भूमि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा गरीब, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का यह अवसर है।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार, प्रदेश मंत्री भीम साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष (दक्षिणी) शशिधर झा, जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह, रालोमो जिलाध्यक्ष विनोद चौधरी, हम जिलाध्यक्ष धीरज ठाकुर, विधान पार्षद तरुण चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामसुमरन सिंह, भाजपा जिला महामंत्री सुनील गुप्ता, सुनील कुमार राय और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बीरेंद्र यादव सहित एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने संकल्प लिया कि यह जनसभा ऐतिहासिक होगी और इससे बिहार में एनडीए की मजबूती का नया अध्याय शुरू होगा।

