New Delhi:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राजधानी दिल्ली को दो बड़ी राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात दी। रोहिणी में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लगभग 11,000 करोड़ रुपये की लागत से बनी द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) का उद्घाटन किया।
पहली परियोजना द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड है। यह सड़क 10.1 किलोमीटर लंबी है और इसे बनाने में करीब 5,360 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह मार्ग शिवमूर्ति चौराहे से द्वारका सेक्टर-21 तक और द्वारका सेक्टर-21 से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक फैला है। हरियाणा वाला हिस्सा मार्च 2024 में पहले ही शुरू हो चुका है। यह एक्सप्रेसवे यशोभूमि, मेट्रो की ब्लू और ऑरेंज लाइन, आने वाला बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका बस डिपो से सीधे जुड़ता है। इसके शुरू होने से दिल्लीवासियों को ट्रैफिक से बड़ी राहत मिलेगी।
दूसरी परियोजना शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) है। यह सड़क अलीपुर से ढिंचाऊ कलां तक बनाई गई है। लगभग 33 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर करीब 5,580 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह मार्ग दिल्ली को बहादुरगढ़ और सोनीपत से जोड़ेगा। इसके चालू होने से माल ढुलाई में आसानी होगी और दिल्ली की सड़कों पर भारी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन दोनों परियोजनाओं से न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर में यात्रा का समय घटेगा बल्कि दिल्ली के प्रमुख चौराहों जैसे मुकरबा चौक, धौला कुआं और एनएच-09 पर जाम की समस्या भी काफी हद तक कम होगी। खासकर भारी वाहनों और ट्रकों के लिए यह मार्ग बेहद उपयोगी साबित होगा।
प्रधानमंत्री ने उद्घाटन समारोह में कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली और आसपास के लोगों का जीवन और आसान होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।

