Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में गुरुवार को आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजद-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इनकी पहचान पांच शब्दों से होती है – कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। मोदी ने कहा कि जहां कट्टा चलता है, वहां कानून ठहर नहीं सकता और जहां क्रूरता राज करती है, वहां जनता का विश्वास टूट जाता है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राजद-कांग्रेस गठबंधन ने बिहार को अराजकता और भ्रष्टाचार की राह पर धकेला। उन्होंने कहा कि अब जनता विकास के रास्ते पर आगे बढ़ चुकी है और किसी को उसे रोकने का अधिकार नहीं।
मोदी ने विपक्ष पर छठ महापर्व का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “राजद और कांग्रेस के लोग वोट के लिए छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। क्या बिहार और हिंदुस्तान की माताएं इसे बर्दाश्त करेंगी?” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छठ पर्व को यूनेस्को की विरासत सूची में शामिल कराने का प्रयास कर रही है और छठ के गीतों को देशव्यापी पहचान देने की योजना पर काम चल रहा है।
राजद शासनकाल को याद करते हुए मोदी ने कहा कि “जंगलराज के समय गाड़ियों के शोरूम बंद हो गए थे, लोग भयभीत थे। गोलू अपहरण कांड को कौन भूल सकता है? उस समय अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर था।”
उन्होंने कहा कि आज बिहार विकास की राह पर है। पिछले साल की तुलना में इस साल तीन गुना अधिक बाइक की बिक्री हुई है। मखाना, फूड प्रोसेसिंग, आईटी पार्क और लेदर उद्योग बिहार की नई पहचान बन रहे हैं। अब बिहार मछली का निर्यात भी कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए का संकल्प है — कमाई, दवाई, पढ़ाई और सिंचाई। उन्होंने विश्वास जताया कि फिर एक बार बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। अंत में उन्होंने कहा, “मुजफ्फरपुर की लीची जितनी मीठी है, उतनी ही मीठी यहां की जनता की बोली है।”

