Patna News:- बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना स्थित पुलिस मुख्यालय में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) के नागरिक सेवा पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से अब राज्य के लोगों को पुलिस से जुड़ी विभिन्न सेवाएं तेज, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगी।
पोर्टल लॉन्चिंग के बाद गृह मंत्री की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस मुख्यालय के सभी प्रमुख प्रभागों, आर्थिक अपराध इकाई, साइबर प्रभाग, ईआरएसएस, अभियोजन निदेशालय, कारा एवं सुधार सेवाएं और प्रोबेशन सेवाओं की कार्यप्रणाली और प्रगति पर चर्चा की गई।
विशेष सचिव सह निदेशक अभियोजन सुधांशु कुमार चौबे ने विभागीय उपलब्धियों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया। इसके बाद गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक प्रणव कुमार ने कारा प्रबंधन और सुधार सेवाओं से जुड़ी भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सभी प्रभागों की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य की आंतरिक सुरक्षा प्रणाली को आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल सेवाओं का विस्तार आम लोगों को सुविधा देने के साथ अपराध नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक प्रणव कुमार सहित विभिन्न विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना, साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देना तथा तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग प्रणाली को प्रभावी बनाना रहा।

