रांची।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद दीपक प्रकाश ने हॉर्स ट्रेडिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का नाम शामिल करने की तीखी आलोचना की है। प्रेस वार्ता में शुक्रवार को उन्होंने कहा कि सत्ता आती है और जाती भी है। किंतु राजनीतिक विद्वेष की भावना से काम होने पर राज्य का राजनीतिक वातावरण प्रदूषित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर पीसी एक्ट अलग से लगाया गया है जो गैरकानूनी है।
प्रकाश ने कहा की पीसी एक्ट वहां लागू होता है जहां क्राइम कमिटेड होता है। इस केस में तो क्राइम हुआ ही नहीं है। दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में निर्मला देवी ने कांग्रेस एजेंट को दिखाकर अपना वोट कांग्रेस प्रत्याशी को दिया है। इसका अर्थ है कि क्राइम हुआ ही नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की ओर से कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर इस केस में नई धारा जोड़कर राजनीतिक शत्रुता का उदाहरण पेश किया गया है। न्यायालय में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में विधायक निर्मला देवी ने आरोप लगाया था। पिछली सरकार चाहती तो राजनीतिक हस्तक्षेप कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल सकती थी लेकिन भाजपा इन चीजों पर विश्वास नहीं करती है।