Ranchi News:- बलथरिया पंचायत के पंचायत सेवक सुखलाल महतो की मौत के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर उबाल देखा जा रहा है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो ने इस मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि सुखलाल एक ईमानदार और जुझारू पंचायत सेवक थे, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए जिंदगी की जंग हार गए।
जयराम महतो ने कहा, “भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने वाला एक और सच्चा सपूत अब हमारे बीच नहीं रहा। इससे अधिक दुखद और शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। ईश्वर सुखलाल महतो की आत्मा को शांति प्रदान करें।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सुखलाल महतो को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्होंने आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो गए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जिन लोगों ने सुखलाल की आवाज को दबाने की कोशिश की, उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी हो और उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त किया जाए। साथ ही उन्होंने सुखलाल महतो के परिजनों को सरकारी कर्मचारी के समान सभी सुविधाएं देने की बात कही, और 50 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा देने की भी मांग रखी।
यह मामला अब सिर्फ आत्महत्या का नहीं, बल्कि एक बड़े प्रशासनिक और नैतिक सवाल के रूप में सामने आया है, जिस पर संपूर्ण जांच और कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।


