Palamu/Bangluru:- झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोलपोल गांव निवासी 28 वर्षीय युवक संदीप कुमार सिंह की कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में उसके ही दोस्तों ने गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार संदीप एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था, जहां वह मनोज, राजा रेड्डी और अनिरुद्ध के साथ काम करता था। 25 दिसंबर की रात सभी एक साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर संदीप और उसके दोस्तों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मनोज ने राजा रेड्डी और अनिरुद्ध के साथ मिलकर संदीप पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद तीनों आरोपी घायल संदीप को बाइक पर बैठाकर इलाज के बहाने अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में संदीप ने आरोपियों को धमकी दी, जिससे वे और अधिक आक्रोशित हो गए।
गुस्से में आकर तीनों आरोपियों ने संदीप की गला रेतकर हत्या कर दी और शव को पास के नाले में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन बेंगलुरु पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनोज, राजा रेड्डी और अनिरुद्ध को गिरफ्तार कर लिया।
बेंगलुरु के पुलिस अधीक्षक निखिल बी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। हत्या के करीब 9 घंटे बाद पुलिस को नाले से शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। परिजनों के बेंगलुरु पहुंचने के बाद वहां मामला दर्ज कराया गया।
शनिवार देर रात संदीप का शव उसके पैतृक गांव पोलपोल लाया गया, जहां रविवार को अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूरे गांव में शोक का माहौल रहा। पोलपोल पंचायत की मुखिया पुष्पा देवी और सरजा पंचायत की मुखिया अलका कुमारी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
दाह संस्कार में स्तरोन्नत प्लस टू उच्च विद्यालय सोहडीखास के प्रधानाध्यापक भरदूल कुमार सिंह, सरजा पंचायत के पूर्व मुखिया आनंद कुमार, मंटू प्रसाद, शंभू प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
संदीप के पिता उपेंद्र कुमार सिंह, मां और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। युवक अविवाहित था। इधर सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बेंगलुरु में संदीप की हत्या की पुष्टि की है।

