Palamu News : झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित बैरिया चौक के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और वे बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि जिस मकान में ब्लास्ट हुआ, उसके दूसरे फ्लोर पर इलाके की एक स्मॉल बैंकिंग फाइनेंस कंपनी का कार्यालय संचालित होता है। ब्लास्ट के बाद घर के अंदर घना धुआं भर गया और गैस का रिसाव भी जारी था, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो गई थी। दमकल और पुलिस की टीम ने घर के अंदर फंसे कुछ गैस सिलेंडरों को बाहर निकालकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
मौके से तीन दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर बरामद
पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है। जिस घर में ब्लास्ट हुआ वहां से तीन दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। इनमें कुछ भरे हुए और कुछ खाली सिलेंडर भी शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि यहां सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक ये सिलेंडर पांडु इलाके में संचालित एक गैस एजेंसी से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि यह भंडारण वैध था या अवैध, इसकी जांच प्रशासनिक टीम द्वारा की जा रही है।
ब्लास्ट इतना जोरदार कि गोदाम के दरवाजे टूट गए
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक निजी फाइनेंस कंपनी के नीचे बने गोदाम में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि गोदाम के दरवाजे तक टूट गए। हादसे में धर्मेंद्र सिंह, विक्रम कुमार, मुकेश कुमार सिंह और आलोक कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से एक घायल की हालत इतनी गंभीर है कि ब्लास्ट के कारण उसकी आंत बाहर आ गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर सिलेंडर ब्लास्ट कैसे हुआ।
