Betia News:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड़ स्थित हाई स्कूल खेल मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार में रक्षा कॉरिडोर बनाया जाएगा और यहां तैयार होने वाले तोप के गोले से पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि पहलगाम की घटना का जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से दिया। उन्होंने आगे कहा कि कश्मीर में 370 धारा साढ़े पांच सौ वर्षों से लागू थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इसे हटाकर ऐतिहासिक निर्णय लिया। विपक्षियों द्वारा खून की नदियां बहने की आशंका जताई गई थी, लेकिन आज कश्मीर में कोई हिंसा नहीं, बल्कि शांति कायम है।
गृह मंत्री ने महागठबंधन को ‘महाठगबंधन’ बताते हुए कहा कि इसमें न नेता है और न ही स्पष्ट नीति। उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर को राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव की पार्टियों का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। एनडीए की पांचों पार्टियां पांडवों की तरह एकजुट होकर 243 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।
अपने संबोधन में अमित शाह ने किसानों को लेकर घोषणा की कि किसान सम्मान निधि की राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये सालाना की जाएगी। साथ ही पटना, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर के हवाई अड्डों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने का आश्वासन दिया।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के 10 वर्षों में बिहार को 2 लाख 80 हजार करोड़ रुपये मिले, वहीं मोदी सरकार ने 10 वर्षों में 18 लाख 70 हजार करोड़ रुपये का योगदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार से जंगलराज का अंत हुआ और अब राज्य विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन्होंने अपने शासनकाल में घोटाले कर बिहार को अराजकता की ओर धकेला, अब वही लोग फिर से जंगलराज लाना चाहते हैं। वर्ष 2025 का चुनाव बिहार को जंगलराज से बचाने का चुनाव है, न कि केवल विधायक या मंत्री चुनने का।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि बेहतर बिहार के लिए जदयू प्रत्याशी समृद्ध वर्मा को अधिक से अधिक वोट देकर विजयी बनाएं।

