Ranchi News;- राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में रिनपास की नर्स रश्मि कश्यप और उनकी स्कूली बेटी की मौत हो गई। दोनों मां-बेटी को एक तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रश्मि कश्यप अपनी बेटी को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रही थीं। जैसे ही वे कांके थाना क्षेत्र के जोड़ा पुल के पास पहुंचीं, उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही मां-बेटी की मौत हो गई।
मृतक रश्मि कश्यप रिनपास (मानसिक स्वास्थ्य संस्थान) में नर्स के पद पर कार्यरत थीं और कांके के चूड़ी टोला इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थीं। बताया जाता है कि उनके पति इस समय अफ्रीका में नौकरी कर रहे हैं।
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और गुस्से में सड़क जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर कांके थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, पुलिस मुख्यालय वन डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने पुष्टि की कि मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो चुकी है।
घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रांची में लगातार बढ़ते ट्रैफिक और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं। प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुट गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है।

