Rohtas News:- रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनरसिया गांव में गुरुवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घर की सफाई के दौरान करंट लगने से मां और बेटी की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका ट्विंकल देवी (28 वर्ष) अपने घर में दीपावली की तैयारी के लिए सफाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। उस समय उनकी तीन वर्षीय पुत्री पिंकी गोद में थी। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को सासाराम के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतका यमुना नट की पत्नी बताई जा रही हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव का माहौल गमगीन है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल सासाराम में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। दीपावली से पहले हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

