New Delhi:- देश के उप राष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन इंडी (INDI) ने अपने साझा उम्मीदवार के रूप में उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। आज सुबह 11:30 बजे वे संसद भवन पहुंचकर आधिकारिक तौर पर नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहेंगे। बुधवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में मल्लिकार्जुन खरगे ने सुदर्शन रेड्डी का परिचय गठबंधन के घटक दलों के नेताओं से कराया था।
सुदर्शन रेड्डी का सीधा मुकाबला एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन से होगा, जिन्होंने गुरुवार को ही अपना नामांकन दाखिल किया था। दिलचस्प बात यह है कि उप राष्ट्रपति पद के दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से आते हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, उप राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए 21 अगस्त नामांकन की अंतिम तिथि है। उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। मतदान और मतगणना 9 सितंबर को होगी।
विपक्षी गठबंधन का मानना है कि बी. सुदर्शन रेड्डी एक न्यायविद और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षक के रूप में उपयुक्त उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा और एनडीए का दावा है कि सी.पी. राधाकृष्णन का अनुभव और राजनीतिक पृष्ठभूमि उन्हें उपयुक्त विकल्प बनाती है।
इस चुनाव को लेकर संसद के गलियारों में जबरदस्त राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। जहां एनडीए अपनी संख्याबल पर भरोसा जता रहा है, वहीं विपक्षी गठबंधन नैतिक और वैचारिक लड़ाई के रूप में इसे पेश कर रहा है। अब 9 सितंबर को नतीजा तय करेगा कि देश का नया उप राष्ट्रपति कौन होगा।

