Giridih News:- जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ऑटो पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल हुए लोगों में एक बच्ची भी शामिल है। यह दुर्घटना गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर दूधी टांड़ टोल प्लाजा के समीप हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशीटांड गांव से एक परिवार मुंडन कराने के लिए बुढ़ई जा रहा था। परिवार के सदस्य ऑटो में सवार थे। जैसे ही ऑटो दूधी टांड़ टोल प्लाजा के करीब पहुंचा, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण ऑटो सड़क किनारे पलट गया।
इस हादसे में मछुआर निवासी 58 वर्षीय रामचंद्र पासी की मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ऑटो सड़क पर बने गड्ढे से डगमगाया, जिसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और खराब सड़क स्थिति के कारण दुर्घटनाएँ अक्सर होती रहती हैं। वे प्रशासन से सड़क मरम्मत और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था बेहतर करने की मांग कर रहे हैं।

