Araria News:– बिहार के अररिया जिले में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सोमवार की देर रात घुरना थाना पुलिस और एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी जी समवाय घुरना की विशेष गश्ती टीम ने छापेमारी कर 118 किलो गांजा जब्त किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा के समीप गांजे की खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से बबुआन गांव, वार्ड संख्या 11 में छापेमारी की गई। छापेमारी में तस्करों के पास से कुल 118 किलो गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई भारतीय सीमा क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 192/4 के नजदीक की गई।
गिरफ्तार तस्कर और जब्त गांजा को एसएसबी द्वारा घुरना थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी गिरोह के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस गांजा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन पड़ताल में जुटी है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
गौरतलब है कि अररिया जिले की भौगोलिक स्थिति और नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर तस्कर आए दिन नशीले पदार्थों की तस्करी को अंजाम देते हैं। एसएसबी और स्थानीय पुलिस की चौकसी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर नशीले पदार्थों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की कोशिश करते रहते हैं।
एसएसबी अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में तैनात जवान लगातार गश्ती और निगरानी कर रहे हैं ताकि सीमा पार से हो रही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। वहीं, स्थानीय पुलिस ने दावा किया है कि कड़ी कार्रवाई कर जल्द ही गांजा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

