Ranchi News:- राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित छोटा तालाब में बुधवार को डूबने की घटना से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, एक युवक तालाब में डूब गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग अपनी पहल पर तालाब में उतरकर युवक की तलाश करने लगे, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला। डूबे युवक की पहचान रिज़वान के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगलवार रात तीन दोस्त तालाब किनारे बैठे थे। इसी दौरान रिज़वान तालाब में चला गया और डूब गया। हादसे के बाद उसके साथ मौजूद दोनों दोस्त वहां से फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में तालाब पर जुट गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अब तक राहत और बचाव दल नहीं बुलाया है। इसी आक्रोश में लोगों ने पुरानी रांची से मारवाड़ी कॉलेज जाने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम की वजह से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों की मांग है कि तुरंत एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को बुलाकर रिज़वान की तलाश शुरू की जाए। उनका कहना है कि जब तक एनडीआरएफ मौके पर नहीं पहुंचेगी, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगी। लेकिन भीड़ का आक्रोश कम नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन एनडीआरएफ को बुलाने की प्रक्रिया में है और जल्द ही टीम मौके पर पहुंचेगी।
फिलहाल, छोटा तालाब क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद हैं और प्रशासन हालात को काबू में करने की कोशिश कर रहा है।

