Nalanda News:- बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नालंदा जिले में नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिले की सातों विधानसभा सीटों पर कुल 94 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था, जिनमें से 23 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए हैं। अब 71 प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में बचे हैं। नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने शनिवार देर शाम तक नामांकन की वैध सूची जारी की। निर्वाचन कार्यालय की ओर से बताया गया कि अधिकांश नामांकन अधूरी जानकारी, गलत दस्तावेज या शपथ पत्र की कमी के कारण खारिज किए गए हैं।
सबसे अधिक नामांकन रद्द बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में हुए हैं, जहां 8 प्रत्याशियों के पर्चे अमान्य पाए गए। इनमें आफरीन सुल्ताना, प्रफुल्ल कुमार, रियाजुद्दीन, रजत कुमार, राकेश कुमार, राजकुमार पासवान, शशि रंजन सुमन और अशोक कुमार शामिल हैं।
वहीं, राजगीर में 5 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हुए हैं, जिनमें अमरजीत कुमार, देवराज राजवंशी, नगीना पासवान, इंदल पासवान और जगदेव रविदास के नाम शामिल हैं। हरनौत से 3 प्रत्याशियों—पंकज कुमार, दिवेश कुमार और रवि गोल्डन—का नामांकन रद्द किया गया है।
अस्थावां और नालंदा विधानसभा सीटों से 2-2 उम्मीदवारों के पर्चे खारिज हुए हैं। अस्थावां से गौरी कुमार और अरमान देव, जबकि नालंदा से जितेंद्र कुमार और धीरज कुमार के नामांकन अमान्य पाए गए हैं।
हिलसा विधानसभा क्षेत्र में 3 प्रत्याशियों—इंद्रजीत पासवान (पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक), सुदामा पासवान (निर्दलीय) और रविंद्र प्रसाद (निर्दलीय)—के नामांकन रद्द किए गए हैं। निर्वाचन पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि तीनों उम्मीदवारों ने या तो आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए थे या नोटिस के बाद भी जांच में उपस्थित नहीं हुए।
इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र जिले की एकमात्र सीट रही जहां किसी भी प्रत्याशी का नामांकन रद्द नहीं हुआ। यहां 13 उम्मीदवार अब भी रेस में बने हुए हैं।

